100 मेधावी बेटियों को मिला डिजिटल संबल, समाजसेवी मनीष मिश्रा ने बांटे टैबलेट

100 मेधावी बेटियों को मिला डिजिटल संबल, समाजसेवी मनीष मिश्रा ने बांटे टैबलेट
बस्ती / जनपद के अटल प्रेक्षागृह में आयोजित एक प्रेरणादायी समारोह में समाजसेवी मनीष मिश्रा ने इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 100 प्रतिभाशाली छात्राओं को टैबलेट वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी बेटियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर समाजसेवी मनीष मिश्रा ने कहा कि “जब किसी बेटी के हाथ में शिक्षा के साथ तकनीक भी पहुँचती है, तो उसके सपनों को नई उड़ान मिलती है। आज के डिजिटल युग में तकनीक केवल एक साधन नहीं, बल्कि अवसर, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार है।”
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब बेटियां शिक्षित, सक्षम और तकनीकी रूप से सशक्त हों। मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। समारोह के दौरान शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल भारत की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
समाजसेवी मनीष मिश्रा की यह पहल जनपद बस्ती में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी कदम मानी जा रही है।
निष्पक्ष मडिया रिर्पोटर :- इन्द्र भूषण चौबे









