दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण को सरकार प्रतिबद्ध – अजय सिंह

दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण को सरकार प्रतिबद्ध – अजय सिंह
29 दिव्यांगजनों में सहायक उपकरण वितरित
रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे
बस्ती/सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को ब्लॉक सभागार हर्रैया में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हर्रैया विधायक अजय सिंह ने 29 दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए। इस दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टालों का अवलोकन कर अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं की जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सहजता और सम्मान के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जोड़ा जाए। विधायक ने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य है। जनसेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि हमारा संकल्प है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि परसरामपुर श्रीश पाण्डेय, सरोज मिश्रा, अमरनाथ सिंह, शिवम पाण्डेय, राना सिंह, खंड विकास अधिकारी हर्रैया विनय द्विवेदी, एआरपी संतोष कुमार शुक्ल, राजकुमार सिंह, हरिकेश यादव, प्रिंस शुक्ला, संदीप चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय गणमान्यजन मौजूद रहे।






