गौर पुलिस ने दो घरों में चोरी का किया खुलासा, 5 अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार

गौर पुलिस ने दो घरों में चोरी का किया खुलासा, 5 अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार
रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे
बस्ती। थाना गौर पुलिस ने दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए पांच अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस कार्रवाई में चोरी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 10 और 11 अक्टूबर की रात थाना गौर क्षेत्र के ग्राम उकरहा और रानीपुर बाबू में दो अलग-अलग घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। उकरहा में चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसकर बक्सा तोड़ते हुए जेवरात और नकदी ले गए, जबकि रानीपुर बाबू में मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं।
रविवार तड़के करीब 2:45 बजे थाना गौर पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सौराहा क्रॉसिंग के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजकुमार वर्मा, सोनेलाल उर्फ सोनू चौहान, अवधेश चौहान और धनीराम निवासी जनपद सीतापुर तथा आमिर सोनार निवासी जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आमिर चोरी के जेवरात खरीदने का कार्य करता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 ग्राम पीली धातु, 400 ग्राम सफेद धातु, 17,040 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई ईऑन कार (UP32 FY 3606) बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कार से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और वारदात के बाद नेपाल भागने की योजना बना रहे थे।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अंजान, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव तथा एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना गौर, एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम एवं सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।






