बस्ती में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, 103 ATM कार्ड बरामद

बस्ती में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, 103 ATM कार्ड बरामद

रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे 

बस्ती। जनपद बस्ती की थाना कलवारी पुलिस और सर्विलांस टीम ने ATM कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 103 ATM कार्ड, एक POS (स्वाइप) मशीन, एक कूटरचित नंबर प्लेट, चोरी के 15,430 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक KIYA Carens कार बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक बस्ती द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कलवारी पर दर्ज मु0अ0सं0 246/2026 के संबंध में 15 अक्टूबर 2026 को चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिट्टू कुमार (35 वर्ष), मनीष (22 वर्ष), राहुल (22 वर्ष) और आर्यन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के निवासी हैं, जबकि मनीष वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

11 अक्टूबर 2026 को थाना कलवारी क्षेत्र के कुसौरा बाजार स्थित PNB ATM में शिकायतकर्ता आफताब आलम रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद दो आरोपियों ने मदद के बहाने उनका ATM कार्ड और पिन हासिल कर लिया तथा कार्ड बदलकर उन्हें दूसरा कार्ड थमा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपनी कार से विभिन्न राज्यों के ग्रामीण क्षेत्रों में जाते थे। दो सदस्य ATM के भीतर जाकर लोगों को सहायता का झांसा देकर उनका कार्ड बदल लेते थे और पिन जान लेते थे। इसके बाद दूसरे ATM से नकदी निकालने के साथ-साथ POS मशीन के माध्यम से भी रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर लेते थे।

कई जिलों में फैला था नेटवर्क

जांच में सामने आया कि 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 के बीच आरोपियों ने विभिन्न लोगों के ATM कार्ड बदलकर 3,04,061 रुपये की ठगी की। पुलिस के अनुसार गिरोह ने बस्ती, लखनऊ, खलीलाबाद और वाराणसी सहित कई जिलों में वारदातों को अंजाम दिया है। बरामद POS मशीन गुजरात की एक फर्म के नाम पर पंजीकृत मिली है, जिसकी जांच जारी है।

आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपी बिट्टू कुमार के विरुद्ध उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जनपदों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनीष और राहुल के विरुद्ध लखनऊ के चिनहट थाने में दो-दो मुकदमे तथा आर्यन के विरुद्ध जीआरपी सहारनपुर में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य राज्यों में भी इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

गिरफ्तार करने वाली टीम

इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार (थाना कलवारी), प्रभारी सर्विलांस शोभनाथ यादव, उपनिरीक्षक स्वामीनाथ सिंह, उपनिरीक्षक रामकुवर, हेड कांस्टेबल देवेश यादव, कांस्टेबल संतोष कुमार, किशन सिंह, रविन्द्र सिंह, मनोज कुमार, विनित यादव, बबलू शर्मा सहित थाना कलवारी एवं सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।