
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मोत्सव पर रक्तदान शिविर, रुद्राभिषेक व हिन्दू महासम्मेलन का होगा आयोजन
रिर्पोटर :- इन्द्र भूषण चौबे
बस्ती। विश्व हिन्दू महासंघ द्वारा महायोगी गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें वर्ष में प्रवेश करने के शुभ अवसर पर जनपद बस्ती में विभिन्न सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह के संयोजन में संपन्न होगा।
जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव को सेवा, समर्पण और जनकल्याण के भाव के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में 5 जून 2026, शुक्रवार को तपसी धाम, भदावल हरैया में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विशाल रक्तदान एवं संगोष्ठी शिविर तथा रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य में भागीदारी करनी चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोग भी शामिल होंगे।
अखिलेश सिंह ने बताया कि 7 जून 2026, रविवार को सायं 3 बजे से तपसी धाम, भदावल हरैया में विशाल हिन्दू महासम्मेलन एवं सहभोज का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के प्रधान सचिव संसदीय कार्य जय प्रकाश सिंह होंगे, जबकि पूज्य जय बक्स दास जी महाराज कार्यक्रम के रक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में सेवा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश देने का कार्य करेगा।
विश्व हिन्दू महासंघ परिवार, बस्ती ने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनपदवासियों से दोनों कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।









