मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा का दिया संदेश, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा का दिया संदेश, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील।
रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे
बस्ती / नवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुंडेरवा पुलिस ने कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों, आशा बहुओं और विद्यालय की छात्राओं की सहभागिता से महिला सशक्तिकरण एवं बालिका सुरक्षा का संदेश दिया गया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने आमजन से संवाद स्थापित कर नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। पुलिस ने लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।
अभियान के तहत मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, असुरक्षा या अप्रिय स्थिति सामने आने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन को जागरूक और पुलिस के साथ सहयोग के लिए प्रेरित करना रहा। पुलिस की इस पहल से महिला सुरक्षा, बालिका सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुंडेरवा पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने, नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस का सहयोग लेने की अपील की।






