पैड़ा धाम में अप्रैल 2027 में होगी बागेश्वर धाम सरकार की कथा, महंत गोविन्द दास का संकल्प पूरा होने की जगी उम्मीद

पैड़ा धाम में अप्रैल 2027 में होगी बागेश्वर धाम सरकार की कथा, महंत गोविन्द दास का संकल्प पूरा होने की जगी उम्मीद
धीरेन्द्र शास्त्री जी ने कथा के लिए दी अनुमति, आयोजन को लेकर मंगलवार से विभिन्न स्थानों पर सहयोगियों के साथ बैठक करेंगे महंत गोविन्द दास
रिर्पोटर – इन्द्र भूषण
बस्ती। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी की कथा बस्ती के पैड़ा धाम में आयोजित कराने का महंत गोविन्द दास का संकल्प अब साकार होता दिखाई दे रहा है। महंत गोविन्द दास ने बताया कि अप्रैल 2027 में बस्ती के पैड़ा धाम में बागेश्वर धाम सरकार की कथा आयोजित करने की योजना है। इसके लिए धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी से अनुमति मिल गई है। इस खबर के सामने आने के बाद कथा आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों के बीच उम्मीद जगी है।
महंत गोविन्द दास ने इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए पहले भी प्रयास किए हैं। उन्होंने बस्ती में बागेश्वर धाम सरकार की कथा कराने का संकल्प लिया था और इसी संकल्प को लेकर बस्ती से बागेश्वर धाम तक पदयात्रा भी की थी। उनका कहना है कि पैड़ा धाम में कथा का आयोजन केवल किसी एक व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समस्त सनातनी समाज का आयोजन होगा।
पिछले दिनों बागेश्वर धाम सरकार की रथयात्रा में शामिल होकर लौटे महंत गोविन्द दास ने प्रेस वार्ता के दौरान कथा आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी की अनुमति मिलने से आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। अब इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी और जनसहयोग की आवश्यकता है।
महंत गोविन्द दास ने भावुक अपील करते हुए कहा कि यह एक बड़ा धार्मिक आयोजन है। वह स्वयं एक संत हैं और उनके पास न तो पर्याप्त धन है और न ही बड़े आयोजन के लिए जरूरी संसाधन। ऐसे में समाज के सहयोग से ही इस संकल्प को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन सभी सनातनी भाई-बहनों का है और इसमें सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने बताया कि आगामी मंगलवार से कथा के निमित्त अपने सहयोगियों के साथ विभिन्न स्थानों पर बैठकें की जाएंगी। इन बैठकों के माध्यम से लोगों को आयोजन की जानकारी दी जाएगी और कथा की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। साथ ही श्रद्धालुओं और समाज के लोगों से स्वैच्छिक सहयोग की अपील भी की जाएगी।
महंत गोविन्द दास ने सनातन समाज से आह्वान किया कि बागेश्वर धाम सरकार की कथा बस्ती के पैड़ा धाम में आयोजित हो, इसके लिए सभी लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार आगे आएं और स्वेच्छा से सहयोग प्रदान करें।
अब सभी की निगाहें अप्रैल 2027 में प्रस्तावित इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों पर टिकी हैं। यदि समाज का अपेक्षित सहयोग मिलता है, तो महंत गोविन्द दास के लंबे समय से चले आ रहे संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रयासों को गति मिल सकती है।






