8 करोड़ की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, मड़वानगर के ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर दिया धरना

8 करोड़ की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, मड़वानगर के ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर दिया धरना

*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 18 जून 2026 ग्राम मड़वानगर के डॉ. अम्बेडकर पार्क से सटी लगभग 8 करोड़ रुपये कीमत की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

सरकारी भूमि बचाओ संघर्ष समिति, मड़वानगर और भारत मुक्ति मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तत्कालीन लेखपाल उमापति मिश्रा ने पद पर रहते हुए चकबंदी के दौरान गाटा संख्या-1277 व 1276 की बेशकीमती सरकारी भूमि को साजिशन अपने रिश्तेदारों व अन्य लोगों के नाम दर्ज करा दिया। बाद में बिना निर्माण के धारा-80 कराकर इसे आबादी घोषित कर पत्नी सीता मिश्रा व शम्भूनाथ मिश्रा की पत्नी बिन्दुमती मिश्रा के नाम पंजीकृत करा लिया गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ग्राम सचिवालय तथा अम्बेडकर पार्क के पास स्थित इस भूमि पर वर्तमान में पक्का निर्माण कराया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाए, अवैध निर्माण तत्काल रुकवाया जाए, दोषियों पर FIR दर्ज कर कार्रवाई हो तथा सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए।

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर *एसडीएम शत्रुघ्न पाठक* ने ग्रामीणों से ज्ञापन लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि विरोध करने पर उमापति मिश्रा व शम्भूनाथ मिश्रा के परिवार द्वारा उन्हें धमकाया जा रहा है, इसलिए प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई गई।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने *”मड़वानगर की सरकारी जमीन की लूट बंद करो”, “फर्जी पट्टा करने वालों को जेल में डालो”* और *”सरकारी बंजर भूमि बचाओ”* के नारे लिखी तख्तियां लेकर नारेबजी की!