भागवत कथा के 5वे दिन हुआ भगवान का जन्म,सोहर और संगीत से भक्तिमय हुआ पंडाल

भागवत कथा के 5वे दिन हुआ भगवान का जन्म,सोहर और संगीत से भक्तिमय हुआ पंडाल

बस्ती। साऊघाट विकासखंड के रहठोली ग्राम में अखिलेश मिश्रा के यहां चल रहे भागवत कथा में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा पंडाल भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

5वे दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनते ही भक्त भावविभोर हो उठे । इस अवसर पर कथा व्यास कृष्ण मणि त्रिपाठी ने भगवान के जन्म की लीला का मार्मिक वर्णन करते हुए बताया कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतरित होकर धर्म की स्थापना करते हैं। उनके प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष सजावट की गई थी। फूलों और गुब्बारों से पूरा पंडाल सजाया गया। आधी रात को भगवान के जन्म की घोषणा के साथ ही घंटों-घड़ियाल और शंखनाद से पूरा वातावरण गूंज उठा।
इसके बाद भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाएं, बच्चे और युवा सभी श्रद्धालु झूमते नजर आए। विभिन्न प्रकार के लोकगीतों और आधुनिक गानों से माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर तमाम ग्रामवासियों ने उपस्थित होकर पुण्य के भागीदार बने।