भव्य तिरंगा यात्रा से गूंजा बस्ती, राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश

भव्य तिरंगा यात्रा से गूंजा बस्ती, राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश

बस्ती। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को जनपद बस्ती में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ‘वंदे भारत’ की भावना को समर्पित इस यात्रा का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज से हुआ। यात्रा की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में वंदे मातरम् गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। राष्ट्रगान के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लिया। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा शुरू की।
तिरंगा यात्रा राजकीय इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर गांधी नगर होते हुए कंपनी बाग पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन हुआ। यात्रा के पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना और मजबूत होती है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और जनभागीदारी के साथ हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को स्मरण करने का भी अवसर है।
तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों की विशेष उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया। यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, प्रधानाचार्य जीआईसी डॉ. विजय वर्मा, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, जिला बचत अधिकारी अजय गुप्ता, सरदार जगवीर सिंह, शिक्षिका मानवी सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

Check Also
Close