मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 67 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, कई जनप्रतिनिधि रहे नदारद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 67 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, कई जनप्रतिनिधि रहे नदारद
विधायक कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’ ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, 60 जोड़े विकासखंड और सात जोड़े नगर पंचायत से रहे शामिल
रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को कप्तानगंज स्थित सावित्री मिलन मैरेज हॉल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। विकासखंड कप्तानगंज एवं नगर पंचायत कप्तानगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 67 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 60 जोड़े विकासखंड कप्तानगंज तथा 7 जोड़े नगर पंचायत कप्तानगंज के शामिल रहे।
समारोह में कप्तानगंज विधायक कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद सराहनीय पहल है, जिससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है।
कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रामप्रसाद चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक अजय सिंह, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, देवेन्द्र प्रताप सिंह, ध्रुव कुमार त्रिपाठी तथा मिथिलेश निषाद सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की सूचना दी गई थी। हालांकि समारोह में इनमें से कई जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। योजना के अंतर्गत सरकार नवदंपतियों को आर्थिक सहायता के साथ विवाह से संबंधित आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराती है, जिससे समाज के जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।






