मोहर्रम को लेकर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक, सीओ सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने की शांति की अपील

मोहर्रम को लेकर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक, सीओ सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने की शांति की अपील

ताजियादारों और धर्मगुरुओं से सौहार्द बनाए रखने का आह्वान, प्रभारी निरीक्षक मोती चंद रहे मौजूद

आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल वातावरण में संपन्न कराने के लिए थाना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की गोष्ठी आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मोती चंद की मौजूदगी में बैठक की अध्यक्षता की। गोष्ठी में थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, शांति सुरक्षा समिति के सदस्य, धर्मगुरु, ताजिया रखने वाले लोग तथा मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सभी से आपसी सौहार्द, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए त्यौहार मनाने की अपील की गई।

शासन के निर्देशों से कराया अवगत

सीओ सदर ने उपस्थित लोगों को शासन से प्राप्त आदेश-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान कोई नई परंपरा शुरू न की जाए। जुलूस निर्धारित मार्ग और समय पर ही निकाले जाएं। डीजे और अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। प्रभारी निरीक्षक मोती चंद ने कहा कि मोहर्रम के दौरान थाना क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई जाएगी। शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।