विधायक दूधराम ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सरदार पटेल संदेश यात्रा को दिखाई हरी झंडी

विधायक दूधराम ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सरदार पटेल संदेश यात्रा को दिखाई हरी झंडी
रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे
बस्ती। (निष्पक्ष मीडिया) समाज में एकजुटता और आपसी भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से सरदार सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी बृजेश पटेल के नेतृत्व में रविवार को भव्य सरदार पटेल संदेश यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ जीआईसी ग्राउंड से हुआ, जहां महादेवा विधायक दूधराम एवं समाजसेवी मनोज चौधरी ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
संदेश यात्रा जीआईसी ग्राउंड से प्रारंभ होकर गांधीनगर, कंपनी बाग, सुभाष चंद्र बोस चौक और न्याय मार्ग से होते हुए अमहट घाट स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक पहुंची। यहां सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया।
यात्रा में ढोल-नगाड़े, घोड़े, सजे-धजे रथ और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के लोगों ने यात्रा में भाग लेकर एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक दूधराम, रुधौली विधानसभा के समाजसेवी मनोज चौधरी तथा आलोक रंजन वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल संदेश यात्रा समाज को एकजुट करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, उसी प्रकार आज भी हमें उनके आदर्शों पर चलकर आपसी प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में सरदार सेना के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।






