मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस पर तपसी धाम में विश्व हिंदू महासंघ का तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस पर तपसी धाम में विश्व हिंदू महासंघ का तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न

बस्ती। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू महासंघ द्वारा तपसी धाम के महंत जय बक्स सिंह के नेतृत्व में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का रविवार को विशाल हिंदू महासम्मेलन एवं भंडारे के साथ भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि संसदीय कार्य समिति के सदस्य एवं प्रमुख सचिव जयप्रकाश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों, संत-महात्माओं एवं विशिष्ट जनों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।
मुख्य अतिथि जयप्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और सनातन संस्कृति के संरक्षण के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करने का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकता और जागरूकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है तथा ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एवं विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक सेवा गतिविधियां, संत समागम और हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संतों, अतिथियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संवर्धन पर बल देते हुए कहा कि समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए संगठित होकर कार्य करना चाहिए।
तपसी धाम के महंत जय बक्स सिंह ने कहा कि तपसी धाम सदैव धर्म, संस्कृति और राष्ट्र चेतना के केंद्र के रूप में समाज का मार्गदर्शन करता रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन सनातन संस्कृति, राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित है, जिससे प्रेरणा लेकर समाज को संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंतिम दिन आयोजित विशाल हिंदू महासम्मेलन में धर्म, संस्कृति, राष्ट्रहित, गौ संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए गए। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
तपसी धाम में तीन दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, संत समागम, सामाजिक जागरण कार्यक्रम तथा जनसहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर तपसी धाम के महंत बाबा जय बक्श दास, डॉ. रामनरेश सिंह मंजुल, संजय द्विवेदी, दिग्विजय सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, नितिन चौबे, अतुल सिंह, सौरभ त्रिपाठी सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता में विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।