मोहर्रम को लेकर कलवारी थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

मोहर्रम को लेकर कलवारी थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

बस्ती / आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलवारी थाने पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई।

बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों, चौकीदारों, पत्रकारों तथा थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सभी से मोहर्रम के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

अधिकारियों ने शासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें एवं सुझाव सुने तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।