बस्ती। आगामी बारावफात, रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्वों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस चौकी गणेशपुर, थाना वाल्टरगंज एवं पीएसी बल द्वारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।

रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे 

बस्ती/ (निष्पक्ष मीडिया) वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी वाल्टरगंज एवं चौकी प्रभारी गणेशपुर के नेतृत्व में पुलिस एवं पीएसी बल ने कस्बा गणेशपुर के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

अभियान के दौरान मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही मनचलों एवं अराजक तत्वों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त सड़क एवं पटरी पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त, निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाएगी, ताकि सभी नागरिक सुरक्षित, निर्भय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपने पर्व मना सकें।