बस्ती में त्योहारों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने दिए कड़े निर्देश – कंट्रोल रूम नंबर जारी

बस्ती में त्योहारों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने दिए कड़े निर्देश – कंट्रोल रूम नंबर जारी

रिर्पोटर – इन्द्र भूषण चौबे 

बस्ती, 05 नवंबर 2026। आगामी धनतेरस, दीपावली, भाईदूज, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी लोगों से मिलजुल कर भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की परंपरा को कायम रखने की अपील की। उन्होंने सभी नागरिकों को त्योहार की बधाई देते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि साफ-सफाई हम सब की जिम्मेदारी है। बिजली की निर्बाध आपूर्ति, ढीले तारों को टाइट करने तथा लोकल फाल्ट तत्काल ठीक करने के लिए विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया है।

प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाने वाले रास्तों के सुदृढ़ीकरण व समतलीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी व ईओ नगरपालिका को निर्देश दिए गए। सभी घाटों पर गोताखोर, नाव और प्रकाश की समुचित व्यवस्था समय से करने को कहा गया।

डीएम ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान समय का विशेष ध्यान रखा जाए। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए। लक्ष्मी प्रतिमा स्थापना सुरक्षित स्थान पर करें ताकि ट्रैफिक बाधित न हो। आरती व पूजन के दौरान आग से बचाव के लिए पर्याप्त उपकरण रखें।

मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया कि इस दौरान सीएचसी/पीएचसी पर पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता और सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहें।

उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका *मो. नं. 05542-247128* है। किसी भी समस्या पर इस नंबर पर सूचना दें, जिससे तत्काल निस्तारण किया जा सके। रेहड़ी दुकानदार निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाएं, जिससे यातायात प्रभावित न हो।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद बस्ती में रूट डायवर्जन किया गया है, आम जनता इसका पालन करें।

अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद में जीआईसी, आईटीआई, पाण्डेय स्कूल परिसर में पटाखों की दुकान लगेगी। अनुमति प्रमाण पत्र के बाद ही मानक के अनुसार पानी, बालू, अग्नि सुरक्षा उपकरण की व्यवस्था हो और दुकानें आबादी में न हों।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, एएसपी मानसी दहिया, सीएमओ डॉ. राजीव निगम सहित सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।