5 लाख रुपये और पैतृक जमीन के लालच में भाई बना हत्यारा, 48 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

5 लाख रुपये और पैतृक जमीन के लालच में भाई बना हत्यारा, 48 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
बस्ती / (निष्पक्षमडियावा)ल्टरगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर अर्जुन गांव में हुए बाबूलाल चौधरी हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले की जांच में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के सगे भाई और भतीजे ने ही पैतृक जमीन और 5 लाख रुपये के लालच में उसकी हत्या की साजिश रची थी।
जानकारी के अनुसार बाबूलाल चौधरी अपनी हिस्सेदारी की जमीन बिक्री से मिलने वाले 5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। बाबूलाल की कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते आरोपी उनकी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे। इसी लालच में सगे भाई शिवकुमार चौधरी और भतीजे पंकज चौधरी ने सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कर दी तथा शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से सुनसान स्थान पर फेंक दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को रतनपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट तथा मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और 48 घंटे के भीतर हुए खुलासे की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।









